logo

गढ़वा में खलिहान में लगी आग, 200 बोझा धान समेत ढाई लाख की संपत्ति जलकर राख

गढ़वा में खलिहान में लगी आग, 200 बोझा धान समेत ढाई लाख की संपत्ति जलकर राख

गढ़वा: 
Garhwa News:
गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के भलवानी गांव में देर रात अचानक लगी आग से एक परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग की इस घटना में करीब 200 बोझा धान, घर में रखे सामान और डीजल पंप पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, इस घटना में लगभग ढाई लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

रात 2:30 बजे अचानक लगी आग
घटना के संबंध में पीड़ित देवनारायण सिंह के परिजनों ने बताया कि रात में देवनारायण सिंह अपने पिता की दवा लेने गए थे। दवा लेकर घर लौटने के बाद उन्होंने भोजन किया। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे अचानक घर में आग लग गई। आग की लपटें देखकर जब परिजनों की नींद खुली तो उन्होंने घर और उसके पास रखे धान के बोझों को आग की चपेट में पाया।

200 बोझा धान और डीजल पंप जलकर राख
परिजनों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि घर के पास रखे करीब 200 बोझा धान जलकर राख हो गए। इसके साथ ही घर में रखे अन्य सामान और डीजल पंप भी आग की भेंट चढ़ गए। इस अगलगी की घटना में परिवार को लगभग ढाई लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

अज्ञात लोगों पर आग लगाने की आशंका
घटना को लेकर पीड़ित परिवार के परिजनों ने अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नुकसान का आकलन करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की भी अपील की है।

Tags - Garhwa fireRanka newsBhulwani villagePaddy fireJharkhand news