द फॉलोअप डेस्क
पतरातू थाना क्षेत्र में एक बार फिर फायरिंग की घटना ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है। आज सुबह ओसम दूध फैक्ट्री गेट के पास बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि एक बाइक पर सवार दो युवक हेलमेट और नकाब पहने हुए फैक्ट्री गेट के पास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अचानक हवा में कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। कुछ देर तक गोलीबारी करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोली चलने की आवाज से लोग सहम गए।

गौरतलब है कि पतरातू में हाल के दिनों में इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं। इससे पहले 27 मार्च की शाम पतरातू रेलवे फाटक के पास भी फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें ओवरब्रिज निर्माण कार्य में तैनात एक सुरक्षा गार्ड को गोली लगी थी। गोली उसके कमर के नीचे लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालांकि इलाज के बाद उसकी जान बच गई। एक सप्ताह के भीतर हुई इन दो घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।