logo

पहले कानून व्यवस्था ठीक करें, तभी आएंगे निवेशक, व्यवसायियों को रोज गैंगस्टर दे रहे धमकी, कौन आएगा झारखंड: सुदेश महतो

hnetyie.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने राज्य की कानून–व्यवस्था को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग ले रहे हैं, लेकिन राज्य की जनता, निवेशकों और व्यवसायी वर्ग को इससे कोई विशेष उम्मीद नहीं है। पार्टी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में सुदेश महतो ने कहा कि जमशेदपुर से दो सप्ताह पहले अपहृत युवा व्यवसायी कैरव गांधी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। राज्य में व्यवसायियों को लगातार गैंगस्टरों से धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि आज भी एक व्यवसायी सुशांत गुप्ता से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की खबर सामने आई है।

सुदेश महतो ने कहा कि जब तक राज्य की कानून–व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक निवेशकों के आने की उम्मीद बेमानी है। असुरक्षा के माहौल में कोई भी निवेश नहीं करना चाहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या, अपहरण और रंगदारी राज्य की पहचान बनती जा रही है। उन्होंने हाल में पड़हा राजा सोमा मुंडा एवं अनिल टाइगर की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि इन्हें जमीन माफियाओं ने मारा है। साथ ही उन्होंने कहा कि बीते कई वर्षों से राज्य में सैकड़ों बच्चों के अपहरण की घटनाएं होती रहीं, लेकिन सरकार और प्रशासन मूकदर्शक बने रहे।
सुदेश महतो ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विदेश दौरे के दौरान भी केवल भारतीय व्यवसायियों और उद्यमियों से ही बातचीत करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि शपथ ग्रहण के समय महानगरों में किए गए रोड शो का क्या परिणाम निकला, यह मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा लंदन की थीम्स नदी से प्रेरित होकर राजधानी की हरमू नदी समेत अन्य नदियों के पुनर्जीवन की घोषणा पर भी कटाक्ष किया। सुदेश महतो ने कहा कि जिन नदियों की पहचान कभी रांची से हुआ करती थी, आज वे सरकारी तंत्र की लापरवाही से नालों में तब्दील हो चुकी हैं। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के पास कोई ठोस योजना होगी, जो भविष्य में दिखाई दे।
गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री द्वारा झंडा न फहराने के सवाल पर सुदेश महतो ने कहा कि यह संवैधानिक गौरव का दिन है। यदि मुख्यमंत्री तिरंगा नहीं फहराते हैं, तो संभव है वे किसी और बड़े कार्य में व्यस्त रहे हों, इसका उत्तर वही दे सकते हैं। हजारीबाग में सरस्वती पूजा के दौरान दो समुदायों के बीच हुए टकराव को उन्होंने प्रशासन की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि हजारीबाग एक संवेदनशील शहर है और वहां प्रशासन को कानून–व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
इससे पहले आजसू पार्टी के मिलन समारोह में रांची के विभिन्न वार्डों से दर्जनों युवाओं ने शुभम भारद्वाज के नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सुदेश महतो एवं देवशरण भगत ने सभी नए सदस्यों का स्वागत किया। पार्टी में शामिल होने वालों में गोपाल राय, अविनाश भारद्वाज, संजय वर्मा, मोहम्मद दानिश, सुमित कश्यप, सुमित राय, मोहम्मद सलीम सहित कई युवा शामिल हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव सह जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, वीणा देवी, डॉ. पार्थ पारितोष, अनुसूचित जनजाति महानगर प्रभारी निर्मल उरांव, छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, ऋतुराज शाहदेव, प्रताप सिंह सहित कई नेता उपस्थित थे।

 

Tags - Latest  jharkhand News jharkhand News Updates latest updates Jharkhand Jharkhand News Updates latest jharkhand News jharkhand updates in hindi AJSU news Updates AJSU news updates latest AJSU news updates latest AJSU news