द फॉलोअप डेस्क
गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनज़र जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की अगुवाई जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी कर रहे हैं।
पिछले दो दिनों में जिले के प्रमुख मिष्ठान भंडारों, होटल-रेस्टोरेंटों और फास्ट फूड दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान, Fun N Food (लोहरदगा चौक) से रसगुल्ला और Sonali Sweets से लड्डू के नमूने परीक्षण के लिए लिए गए। इसके अलावा, Bloom, Maa Ki Rasoi, Shravan Hotel, और Swad Hotel का निरीक्षण किया गया, जहां दूध और दूध उत्पादों की गुणवत्ता सही पाई गई। साथ ही, 60 से अधिक स्ट्रीट फूड वेंडर्स का भी निरीक्षण किया गया। जांच में कुछ स्थानों पर अस्वाद्य और अवैध रंग जैसे कमधेनु एवं गोवर्धन रंग का उपयोग पाए जाने पर उन्हें तत्काल नष्ट किया गया, साथ ही भविष्य में इन रंगों का उपयोग न करने का सख्त निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों और फूड वेंडर्स को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए, जिनमें मास्क, एप्रन और ग्लव्स का प्रयोग, ढक्कनयुक्त डस्टबिन का उपयोग, और खाद्य-उपयुक्त रंगों का प्रयोग अनिवार्य किया गया। उपायुक्त ने कहा है कि त्योहारों के समय नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और आम जनता से अपील की है कि वे सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री का ही सेवन करें।
