logo

जमानत की फीस वापस मांगने पर कोर्ट में हंगामा, वकील ने पूर्व मंत्री योगेंद्र साव पर लगाये आरोप 

yogendra_saw.jpg

हजारीबाग
हजारीबाग में पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हजारीबाग बार एसोसिएशन के अधिवक्ता बासुदेव साव ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि साव ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने और बर्बाद करने की धमकी दी है। यह घटना कोर्ट परिसर में हुई जब योगेन्द्र साव ने एक पुराने मामले की फीस वापसी को लेकर विवाद खड़ा किया।
अधिवक्ता बासुदेव साव ने बताया कि जब वह कोर्ट में अपने मुवक्किलों के केस देख रहे थे, तब योगेन्द्र साव ने उन्हें और उनके पुत्र, अधिवक्ता प्रवीण प्रकाश, को लगातार फोन किया। प्रवीण जब यशवंत सिन्हा विधि भवन के हॉल नंबर-2 में पहुंचे, तो साव ने एक पुराने केस की फाइलें और अन्य दस्तावेज मांगे, जो तुरंत उन्हें सौंप दिए गए।


कुछ समय बाद जब बासुदेव साव खुद वहां पहुंचे, तो योगेन्द्र साव ने पुराने केस में दी गई पांच हजार रुपये की फीस वापस मांगी। यह मामला उस केस से जुड़ा था जिसमें दो अदालतों ने जमानत दी थी। बासुदेव साव ने फीस लौटाने से इनकार किया, जिस पर योगेन्द्र साव ने उनके बेटे को धमकाते हुए कहा, "खैरियत नहीं होगी।"
इसके बाद साव ने बासुदेव साव को रूम नंबर-3 में ले जाकर कई अन्य अधिवक्ताओं के सामने उन्हें धमकी दी कि हम तुम्हें बर्बाद कर देंगे, हमें जेल जाने का डर नहीं है। बासुदेव साव ने पुलिस और प्रशासन से लिखित शिकायत कर योगेन्द्र साव पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि साव या उनके सहयोगी भविष्य में किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं।


Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News