logo

बड़कागांव : पूर्व मंत्री योगेंद्र साव का हुआ भव्य स्वागत, अंबा बोलीं- मेरा मनोबल बढ़ गया

a3413.jpg

बड़कागांव: 

मंगलवार को पूर्व योगेंद्र साव एवं स्थानीय विधायक अंबा प्रसाद का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम बड़कागांव में हुआ। दरअसल, रविवार को केरेडारी थाना कांड संख्या 33/12 में पूर्व मंत्री को बेल मिली थी। इसके बाद योगेंद्र साव की रिहाई हुई। उनके हजारीबाग पहुंचते ही लोगों ने जगह-जगह पूर्व मंत्री का भव्य तरीके से स्वागत किया। दिनभर हजारीबाग स्थित आवास में लोगों का मिलना जुलना लगा रहा। 

 

परिवार का हिस्सा हैं बड़कागांव के लोग!
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने कहा कि बड़कागांव वासी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। कुछ भी हो जाग पीछे नहीं हटूंगा। योगेंद्र साव ने कहा कि लोगों के हक, अधिकार एवं न्याय की लड़ाई के चलते इतने वर्षों तक जेल में रहना पड़ा। हालांकि, मेरा मनोबल तनिक भी कम नहीं हुआ है। बड़कागांव वासियों के हक एवं अधिकार की जो मुहिम मेरी बेटी ने जो छेड़ी है उसे अंतिम फ़लाफल तक पहुंचाने तक संघर्ष जारी रहेगा। गैरमजरूआ भूमि ज़मीन का मुआवजा, विस्थापन आयोग का गठन सहित क्षेत्र के अनेकों मामलों के लेकर वे बहुत जल्द स्थानीय प्रतिनिधि मंडल के साथ मुख्यमंत्री एवं आला अधिकारियों से मिलेंगे।  

पिताजी के आने से मेरा मनोबल बढ़ा है! 
विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि बड़कागांव विधानसभा हमारा परिवार है और मेरा जीवन उनके लिए समर्पित है। क्षेत्रवासियों को हक, अधिकार और न्याय मिले उसके लिए हमारे परिवार ने बलिदान दिया है। कभी हम लोग पीछे नहीं हटेंगे। पिताजी के आने पर मेरा मनोबल और बढ़ा है। उन्हीं के संघर्षों के बदौलत मुझे इतनी हिम्मत मिली है। विधायक अपने संबोधन के दौरान भावुक हो गईं।

उन्होंने कहा कि जब मेरे घर में कोई नहीं रहता था तो मुझे क्षेत्र जाने पर अपने घर में ताला लगा कर जाना होता था। एक दिन भी मैंने घर पर आराम नहीं किया। सदैव क्षेत्रवासियों के हित के लिए दिन-रात क्षेत्र में बनी रहती थी। जिस तरह से मेरे माता पिता के घर में नहीं रहने पर विधानसभा की जनता ने मुझे परिवार का स्नेह दिया उसके लिए मैं नतमस्तक हूँ।