logo

पलामू : मनातू थाना परिसर में फ्री कोचिंग की शुरुआत, विज्ञान के छात्रों को मिलेगीं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

palamu_police_free_education.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सामुदायिक पुलिस पहल के तहत, पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, मनातू थाना परिसर के नए भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में 11वीं एवं 12वीं कक्षा (विज्ञान संकाय) के विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क कोचिंग कक्षा की शुरुआत की गई है। इस कक्षा में गणित और रसायन विज्ञान विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन मनातू थाना प्रभारी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर थाना के पदाधिकारी, स्थानीय समाजसेवी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उद्घाटन के पश्चात छात्रों को रसायन विज्ञान की पहली कक्षा दी गई। वर्तमान में यह कोचिंग प्रत्येक रविवार को आयोजित की जा रही है, हालांकि विद्यार्थियों ने अनुरोध किया है कि इसे प्रतिदिन संचालित किया जाए ताकि वे स्कूल जाने से पूर्व भी इसका लाभ ले सकें।
इस पहल का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना, उनके व्यक्तित्व विकास में सहयोग देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। साथ ही, प्रत्येक माह गार्जियन मीटिंग आयोजित कर बच्चों के घर-परिवार में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर भी बल दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु सुबह के समय फुटबॉल खेल का आयोजन भी किया जा रहा है, ताकि बच्चों का शारीरिक और बौद्धिक विकास समान रूप से हो सके।


 

Tags - latest palamu news palamu news Updates latest palamu news palamu news updates free Coaching by palamu police palamu police Free Coaching news latest jharkhand news jharkhand updates