द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित नीलडीह के खड़काई रोड के पास झाड़ियों से जुगसलाई निवासी युवक सोहेल अली की लाश मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या नशे की संगत, आपसी विवाद और पुरानी रंजिश का नतीजा थी। घटना 4 जनवरी की शाम की है, जब सोहेल अली की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर शव को बाउंड्री वॉल के भीतर झाड़ियों में फेंक दिया गया था। घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी की निगरानी में सिटी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार, खून से सने कपड़े, घटनास्थल की मिट्टी और एक मोबाइल फोन समेत कई अहम साक्ष्य जब्त किये हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने बिरसानगर जोन नंबर छह निवासी ऋषि दलाई, जसबीर सिंह उर्फ जस्सू और लवप्रीत सिंह गिल को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड विनीत सिंह फरार बताया जा रहा है। विनीत टेल्को के सी रोड का रहने वाला है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी रिषी दलाई का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बिष्टुपुर और गोलमुरी थानों में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और साथ में मादक पदार्थों का सेवन करते थे। कुछ दिन पहले सोहेल का मोबाइल फोन गुम हो गया था, जिसे लेकर उसे शक था कि आरोपियों ने ही चोरी किया है। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट, गाली-गलौज और धमकियों का सिलसिला शुरू हुआ।।इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने सोहेल को बहाने से टेल्को क्षेत्र के खड़काई रोड के पास बुलाया। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी विनीत सिंह ने ही सोहेल को फोन कर ब्राउन शुगर पार्टी की बात कही थी। मृतक के साथी अब्दुल के बयान में सामने आया है कि जब सोहेल पन्नी पर रखी ब्राउन शुगर विनीत की ओर बढ़ा रहा था, उसी दौरान उस पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार किये गये।
