logo

BOKARO : फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर 5 फीट भू-धंसान, 5 दुकानें क्षतिग्रस्त; आवागमन बंद

फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर 5 फीट भू-धंसान, 5 दुकानें क्षतिग्रस्त; आवागमन बंद

बोकारो/फुसरो

BOKARO NEWS: फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर सीसीएल (CCL) ढोरी क्षेत्र के जीएम कार्यालय (GM Office) के मुख्य द्वार के समीप रविवार से शुरू हुआ भू-धंसान (Land Subsidence) बुधवार शाम तक भयावह रूप ले चुका है। सड़क का करीब पांच फीट हिस्सा नीचे धंस गया, जिसकी चपेट में आने से पांच अस्थायी दुकानें (Temporary Shops) क्षतिग्रस्त हो गयीं। हालांकि, सीसीएल प्रबंधन की ओर से दुकानदारों को एक दिन पहले ही दुकानें खाली करने का निर्देश दिया गया था। इससे घटना में किसी तरह की जनहानि (Loss of Life) नहीं हुई। भू-धंसान के कारण सड़क के नीचे बड़े पैमाने पर मिट्टी का कटाव हो गया है। प्रभावित हिस्से में नालेनुमा गहरा गड्ढा बन गया है। इससे सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन के पोल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गयी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिजली का पोल भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र के काफी करीब है और मिट्टी का कटाव बढ़ने पर खतरा और बढ़ सकता है।

तत्काल जरूरी सुरक्षा उपाय करने की मांग
स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को नियंत्रित करने और तत्काल जरूरी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क के नीचे लगातार मिट्टी का कटाव होने से हाईटेंशन लाइन के पोल की स्थिरता प्रभावित हो सकती है। भू-धंसान की सूचना मिलने के बाद बेरमो थाना प्रभारी नित्यानंद महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र में स्थित दुकानों को तत्काल बंद कराया। सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गयी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों को प्रभावित हिस्से से दूर रहने की सलाह दी गयी है। सीसीएल ढोरी प्रबंधन ने भी संवेदनशील क्षेत्र के चारों ओर सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

स्थान खाली करने का निर्देश दिया गया था
सीसीएल प्रबंधन के अनुसार, संवेदनशील क्षेत्र को देखते हुए दुकानदारों को पहले ही दुकानें हटाने और स्थान खाली करने का निर्देश दिया गया था। प्रबंधन ने कहा कि सूचना के बावजूद दुकान नहीं हटाने और किसी तरह की घटना होने की स्थिति में संबंधित दुकानदार की जिम्मेदारी होगी। भू-धंसान के बाद सड़क पर आवागमन बंद होने से क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गयी है। स्थानीय लोगों ने प्रभावित हिस्से की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ भू-धंसान के कारणों की जांच और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Tags - Fusro Kargali Road Land Subsidence Bokaro CCL Dhori Area Road Collapse