नई दिल्ली
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में संवाददाता सम्मेलन कर घाटशिला विधान सभा उपचुनाव की तारीख की घोषणा कर दी। बिहार विधानसभा चुनाव की तिथियों के साथ ही घाटशिला उपचुनाव 11 नवंबर को कराया जाएगा। वोटों की गिनती 14 नवंबर होंगे।
घोषणा के साथ ही घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में आचार संहिता तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। हालांकि शुरुआत में यह चर्चा थी कि आचार संहिता पूरे जिले में लागू होगी या केवल घाटशिला क्षेत्र तक सीमित रहेगी, लेकिन आयोग ने स्पष्ट किया कि यह केवल संबंधित विधानसभा क्षेत्र में ही प्रभावी रहेगी। जिला प्रशासन ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मतदान केंद्रों की समीक्षा तक का काम तेजी से चल रहा है। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।घाटशिला उपचुनाव में भाग लेने के लिए प्रत्याशी नामांकन 13 अक्टूबर से दाखिल कर सकते हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 21 अक्टूबर रखी गई है। स्क्रूटनी 22 अक्टूबर को होगी। 24 अक्तूबर तक प्रत्याशी नामांकन वापस ले सकेंगे।

सभी बूथ पर CCTV से निगरानी, सीमाओं पर बनेंगे चेकपोस्ट- CEO के रवि कुमार
इधर रांची में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 2,55,823 है। जिसमें 1,24,899 पुरुष एवं 1,30,921 महिला मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि उप चुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी के माध्यम से वेबकास्टिंग की जाएगी साथ ही विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एवं सीमाओं पर चेकपोस्ट तैयार किए जाएंगे जिसपर सीसीटीवी द्वारा वेबकास्टिंग के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी। के. रवि कुमार ने बताया कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया गया है। जिसके उपरांत विधानसभा क्षेत्र में 218 मतदान केंद्र लोकेशन पर मतदान केंद्रों की कुल संख्या 300 हो गई है।
