logo

गिरिडीह में पिकअप ने तीन लोगों को रौंदा, 2 की मौत से कोहराम; मजदूरी करने पैदल जा रहे थे 

कदपीोस.jpg

द फॉलोअप, गिरिडीह
गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सरिया-राजधनवार मुख्य मार्ग पर माखमरगो पंचायत भवन के सामने हुई। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय बासदेव साव और 65 वर्षीय लखिया देवी (पत्नी लखपत साव) के रूप में हुई है, जबकि 65 वर्षीय धनपत साव गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


मजदूरी पर जा रहे थे, तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर
बताया गया कि तीनों बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी गांव के निवासी थे और रोज की तरह माखमरगो इलाके में मजदूरी करने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद पिकअप वैन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।


पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने इस मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा उपाय बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।

 

Tags - GiridihAccident RoadAccident JharkhandNews BreakingNews AccidentCase