logo

गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा, 4 लोगों की मौत; कई वाहनों को भी ट्रक ने कुचला

मोा.jpg

द फॉलोअप, गिरिडीह
गिरिडीह जिले के इसरी बाजार में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। डुमरी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सड़क पर अफरातफरी मचा दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ने पहले सड़क पर चल रही एक कार को जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद स्थानीय लोग विरोध करने लगे। इसी दौरान चालक ट्रक लेकर मौके से भागने लगा। भागने के क्रम में ट्रक ने सड़क किनारे खड़े और गुजर रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की टक्कर से दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।

पुलिस ने शुरू किया राहत और बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा वाहन को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

डीसी ने घायलों का जाना हाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद रामनिवास यादव डुमरी पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की। इस दौरान डीसी ने घायलों और उनके परिजनों को हर संभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

 

Tags - Giridih Dumri TruckAccident JharkhandNews RoadAccident