logo

गिरिडीह: छठ पूजा के दौरान तालाब में डूबने से मासूम की मौत, पर्व में नाना के घर आया था 

drowning11.jpg

गिरिडीह
पचम्बा थाना क्षेत्र के तेलोडीह पंचायत के लोहपिट्टी गांव में मंगलवार सुबह छठ पूजा के दौरान एक मासूम की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मिर्जागंज निवासी 12 वर्षीय बच्चे के रूप में हुई है, जो अपने नाना धूमडी साव के घर लोहपिट्टी गांव छठ मनाने आया हुआ था। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह छठ के अर्घ्य की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान बच्चा नहाने के लिए गांव स्थित लच्छो अहरी तालाब में चला गया। पानी में उतरने के कुछ देर बाद ही वह गहरे हिस्से में चला गया और डूब गया। परिजनों व ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, तब जाकर लगभग आधे घंटे बाद बच्चे का शव बाहर निकाला जा सका। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस हादसे के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। बच्चे की मां और नानी का रो-रो कर बुरा हाल है। छठ की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। गांव के लोगों ने बताया कि उक्त अहरी काफी गहरी है, और इस कारण पहले भी यहां हादसे होते रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अहरी के चारों ओर सुरक्षा की व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News