logo

बेकाबू ट्रक ने मचाया कोहराम: सड़क पर चलते वाहनों को मारी टक्कर, जो सामने आया रौंदा गया!

isri.JPG

गिरिडीह

गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत इसरी बाजार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ने सबसे पहले एक कार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। इसी बीच ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा। भागने के दौरान उसने सड़क पर खड़े और गुजर रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई बाइक, कार और अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। सड़क किनारे मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी

इस संबंध में एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि ट्रक ने पहले एक कार को टक्कर मारी थी। इसके बाद लोगों के विरोध और हंगामे के बीच चालक ट्रक लेकर भागने लगा, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। हादसे के बाद इसरी बाजार क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।

Tags - giridih road accident dumri police station uncontrolled truck crash multiple injured road mishap