logo

गिरिडीह : JSSC परीक्षा देकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, ट्रक चालक गिरफ्तार; 7 माह पहले हुआ था विवाह

GRD00019.jpg

गिरिडीह 
पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव का रहने वाला करीब 26 वर्षीय उमेश कुमार मंडल की मौत घर के समीप पहुंचने के बाद परियाना के पास ट्रक की चपेट में आने से हो गई। वह देवघर से एसएससी की परीक्षा देकर लौट रहा था।घटना पचंबा-जमुआ मुख्य मार्ग पर परियाना के चंद कदम आगे स्कूल के पास घटित हुई है। बाइक सवार युवक को विपरीत दिशा से आ रहा एक ट्रक ने अनियंत्रित होकर अपनी चपेट में ले लिया और युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। धक्का मारने के बाद ट्रक को लेकर चालक भाग निकला लेकिन उसे पथला नावाडीह के पास पकड़ लिया गया। 


पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया 
घटना की सूचना पचंबा पुलिस को मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में लेते हुए घटनास्थल पहुंचकर घटना की जानकारी लेकर आक्रोशितों को समझाने में जुटी रही। घटना के बाद लोगों ने इधर से जा रही एक एंबुलेंस को रोक कर उस पर अचेतावस्था में पड़ा युवक को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। 


सात माह पूर्व हुई थी शादी 
मृतक एसएससी की ओर से आयोजित उत्प्रेरक की परीक्षा में शामिल होने रविवार की सुबह देवघर परीक्षा देने गया था जहां से परीक्षा देकर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी क्रम में विपरीत दिशा से आ रहा ट्रक चालक ने नियंत्रण खोते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया और घसीटते हुए कुछ दूर तक ले गया जिससे उसकी मौत हो गई। युवक की शादी करीब सात माह पूर्व हुई थी। उसकी मौत की खरबर सुनते ही शुभचिंतकों की भीड़ अस्पताल में जुट गई जबकि स्वजनों का रोकर बुरा हाल है।


 

Tags - Giridih JSSC Road Accident Truck Deoghar