गिरिडीह
साइबर अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला करने और पकड़े गए आरोपी को छुड़ा ले जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव में हुई इस हिंसक झड़प और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ के मामले में त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार, 10-11 जून की रात गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल के ठिकाने पर छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों और साइबर अपराधियों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की की और पथराव कर सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही, वे पुलिस की गिरफ्त से साइबर अपराधी चुड़ामन मंडल को छुड़ाकर भगा ले गए। इस मामले में अहिल्यापुर थाने में कांड संख्या 21/2026 दर्ज की गई है।
विशेष टीम बनाकर की गई गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चिकसोरिया गांव के निवासी 51 वर्षीय जितन मंडल और 20 वर्षीय सूरज मंडल शामिल हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में साइबर थाना, मुफस्सिल थाना और अहिल्यापुर थाना समेत कई थानों की पुलिस टीम शामिल थी।