logo

दुर्गा पूजा से पहले सैलरी न मिलने पर भड़के गिरिडीह के सफाई कर्मी, निगम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन

sweeper.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दुर्गा पूजा के चार दिन बीत जाने के बाद भी नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने से नाराजगी चरम पर पहुँच गई है। शुक्रवार को गिरिडीह के आक्रोशित सफाई कर्मी नगर निगम कार्यालय पहुँचे और जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए कर्मचारियों ने निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। और कार्य बहिष्कार की घोषणा करते हुए साफ चेतावनी दी कि अगर तुरंत वेतन भुगतान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

सफाई कर्मियों का कहना है कि पूजा जैसे बड़े पर्व पर जब हर घर में खुशियाँ होनी चाहिए, तब उनके परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वेतन न मिलने से बच्चों की पढ़ाई से लेकर घर का खर्च तक प्रभावित हो रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश के बावजूद नगर निगम प्रबंधन लापरवाही बरत रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी की और जमकर निगम प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया। उनका कहना है कि सफाई कर्मी दिन-रात शहर को स्वच्छ रखने में लगे रहते हैं, त्योहारों के दौरान भी वे अपने परिवार से दूर रहकर काम करते हैं, लेकिन जब वेतन की बारी आती है तो हमेशा उपेक्षित कर दिए जाते हैं।

कर्मचारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो आने वाले दिनों में पूरा शहर गंदगी के ढेर में तब्दील हो जाएगा और इसका जिम्मेदार नगर निगम प्रशासन होगा।

Tags - jharkhand news jharkhand latest news giridih news giridih latest news sweeper news