द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गोड्डा जिले में मिशन से जुड़े एक फादर के खिलाफ 32 वर्षीय महिला ने शोषण, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने इस मामले में पूर्व महिला आयोग की सदस्य को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। उसने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में महिला ने फादर थॉमस सोरेन का नाम लेते हुए बताया है कि वह अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात मिशन से जुड़े फादर से हुई। महिला का आरोप है कि काम दिलाने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा देकर उन्होंने धीरे-धीरे उससे नजदीकियां बढ़ाईं। इसके बाद कथित तौर पर उसका शोषण किया जाने लगा।

वीडियो कॉल से परेशान करने और ब्लैकमेल करने का आरोप
महिला ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि फादर की ओर से उसके साथ अशोभनीय व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं, वीडियो कॉल के माध्यम से भी उसे परेशान किया जाता था और कथित तौर पर ब्लैकमेल किया गया। महिला का कहना है कि जब उसने इन गतिविधियों का विरोध किया और अपने परिवार तथा बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई, तो उसे डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि विरोध करने के बावजूद उसे परेशान किया जाता रहा।

आर्थिक लेन-देन का भी शिकायत में जिक्र
आवेदन में महिला ने आर्थिक लेन-देन से जुड़ी बातों का भी उल्लेख किया है। उसका आरोप है कि काम दिलाने के नाम पर उससे पैसे खर्च कराए गए और इस दौरान उसे आर्थिक रूप से भी परेशानी उठानी पड़ी। महिला के मुताबिक, उसने कई बार अपनी समस्या और प्रताड़ना के बारे में बताने की कोशिश की, लेकिन उसे अब तक न्याय नहीं मिल पाया है। इसी वजह से उसने पूर्व महिला आयोग की सदस्य के समक्ष लिखित शिकायत देकर मामले में हस्तक्षेप करने, आरोपों की जांच कराने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल ये सभी आरोप महिला की ओर से दिए गए आवेदन पर आधारित हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित पक्ष का जवाब सामने आना बाकी है।