logo

अपनी नाकामियों और विफलताओं से घिर चुकी है हेमंत सरकार : बाबूलाल मरांडी

BABU1600.png

रांची
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि हेमंत सरकार अपनी नाकामियों और विफलताओं से घिर चुकी है। उन्होंने अभिमन्यु जैसी युवा शक्ति को प्रताड़ित किया है।अब अर्जुन के गांडीव उठाने का समय आ चुका है। वे शुक्रवार को बीजेपी के मंडलाध्यक्षों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा आक्रोश रैली में  पार्टी का विराट रूप रांची की सड़कों पर दिखेगा। मरांडी ने कहा कि ठगबंधन सरकार ने ठगने का रिकॉर्ड बनाया है। युवा हिसाब मांगने मुख्यमंत्री आवास जा रहे हैं। राज्य की युवा शक्ति अपना हक मांगने आ रही है।उन्होंने कहा कि अबुआ आवास योजना तथा ग्रीन कार्ड योजना धोखा है। वहीं, मंईंयां योजना धोखा योजना का सिरमौर है।


जनभावनाओं के साथ खड़ी है बीजेपी
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि बीजेपी और एनडीए के विधायकों ने राज्य की सर्वोच्च पंचायत में राज्य सरकार की नाकामियों को ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ उजागर किया है। 24घंटे में ही राज्य सरकार बैक फुट में चली गई। सरकार निरुत्तर है। वहीं, बीजेपी जन भावनाओं के साथ खड़ी है। आज राज्य नाकामियों और निराशा से भर चुका है। राज्य की पहचान प्रतिदिन होती 5 हत्याएं और 5 बलात्कार के रूप में बन गई है। माटी-रोटी और बेटी की चिंता राज्य वासियों को चिंतित कर रही है। आज राज्य में हर स्तर पर व्याप्त भ्रष्टाचार से बार-बार जनता को अवगत कराना है।उन्होंने मंडल अध्यक्षों से आह्वान किया कि किसी भी हालत में हेमंत सरकार को वापस नहीं लौटने देने का संकल्प लें।


कर्मवीर सिंह ने सांगठनिक कार्यक्रमों पर की चर्चा
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।उन्होंने कहा कि 25 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 113 वें एपिसोड को हर बूथ पर जनता के साथ पूरी बूथ कमेटी के साथ सुनना सुनिश्चित करें।  सिंह ने बीजेपी की सांगठनिक संरचना में 6 प्रमंडल  घोषित करते हुए प्रमंडल प्रभारियों के नाम की घोषणा की। इसके तहत संथाल परगना के प्रभारी बालमुकुंद सहाय बनाए गए जबकि धनबाद प्रमंडल के डॉ प्रदीप वर्मा। इसी तरह हजारीबाग के मनोज कुमार सिंह, कोल्हान के आदित्य साहू, हजारीबाग के गणेश मिश्र और पलामू प्रमंडल के विकास प्रीतम प्रभारी बनाए गए। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी सहित प्रदेश पदाधिकारी गण,मोर्चों के अध्यक्ष ,जिला प्रभारी,जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे।

Tags - Babulal marandiBJPJharkhand News