द फॉलोअप डेस्क
भारत सरकार की टीम ने गुमला जिले में चल रहे 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' अभियान का अनुश्रवण किया। टीम ने सदर अस्पताल, आयुषमान आरोग्य मंदिर फोरी, और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी में आयोजित स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श की निगरानी की।
टीम में भारत सरकार से शिवानी केशरी, निलजा के साथ डॉ. प्रदीप कुमार सिंह और विजय कृष्ण दास शामिल थे। टीम ने सबसे पहले सदर अस्पताल परिसर स्थित शिविर का निरीक्षण किया, जहां सिविल सर्जन डॉ. शम्भूनाथ चौधरी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कांत मिश्रा, और उपाधीक्षक डॉ. अनुपम किशोर के सहयोग से सभी स्टॉल पर गहनता से जांच की गई। इसके बाद टीम ने आयुषमान आरोग्य मंदिर फोरी का निरीक्षण किया और सीएचओ, एएनएम और सहिया द्वारा दी जा रही सेवाओं की सराहना की। फिर टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरी का भी निरीक्षण किया और वहां आयोजित महिलाओं के स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम पर खुशी व्यक्त की।
टीम के सदस्य शिवानी केशरी ने कहा कि इस अभियान के तहत सभी महिलाओं का स्वास्थ्य जांच किया जा रहा है। यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस, 17 सितंबर से शुरू होकर गांधी जयंती, 2 अक्टूबर को समाप्त होगा। गुमला में यह अभियान सही तरीके से चल रहा है। टीम की सदस्य निलजा ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' की परिकल्पना को साकार करेगा इस मौके पर जिला कार्यक्रम समन्वयक अभिनीत आनंद, अस्पताल जिरेन कंडुलना, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक आनंद राम महतो, जिला आशा फैसिलिटेटर रामाकांत, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक राजेश केरकेट्टा, प्रखंड आशा फैसिलिटेटर एजरस एक्का, शांता टोप्पो आदि उपस्थित थे।
