logo

धूमधाम से मना 75वां गणतंत्र दिवस, राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

ranchi9.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची 
आज देश 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। रांची के मोरहाबादी मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन शामिल हुए। राज्यपाल ने 75वें गणतंत्र दिवस पर झंडोत्तोलन किया और झारखंड वासियों को शुभकामनायें दी। इसके बाद राज्यपाल ने मोरहाबादी मैदान में जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की वर्तमान स्थिति पर अपनी बात रखी।

उन्होंने अपनी भाषण में रोजगार, भ्रष्टाचार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर जोर दिया। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। राज्यपाल ने कहा कि झारखंड को आज के समय में विश्वस्तरीय पहचान मिल रही है। उन्होंने हाल के दिनों में रांची में आयोजित एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर का उदाहरण दिया।

 45 हजार सरकारी नियुक्तियां प्रक्रियाधीन 

राज्यपाल सीपिराधाकृष्ण ने रोजगार के मुद्दों पर कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। निजी कम्पनियों के लिए अपने श्रम बल का 75% स्थानीय युवाओं को मुहैया कराना राज्य सरकार द्वारा आवश्यक किया गया है। राज्य भर में रोजगार मेले आयोजित किये जा रहे हैं एवं अब तक लगभग 27 हजार युवाओं को नियुक्ति प्रदान की गई है। सरकारी क्षेत्र में विभिन्न विभागों में 45 हजार पदों पर नियुक्ति प्रक्रियाधीन है।

नक्सलवाद के खिलाफ पुलिस की शानदार भूमिका 

राज्यपाल ने कहा कि राज्य पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों ने नक्सलवाद को नियंत्रित करने में शानदार उपलब्धि हासिल की है। पुलिस के आधुनिकीकरण एवं इसे संसाधन से परिपूर्ण बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं, ताकि पुलिस अपना काम निर्बाध रूप से कर सके। विधि-व्यवस्था को बनाये रखने एवं अपराध नियंत्रण के लिए सबका तत्पर रहना आवश्यक है।

कृषि, सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता 
उन्होंने कहा हमारा राज्य एक कृषि प्रधान राज्य है। राज्य की बहुसंख्य जनता कृषि पर निर्भर है। कृषि और किसान दोनों की उन्नति हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य के सभी किसानों के पास खेती करने के लिए पर्याप्त सिंचाई के साधन उपलब्ध हों इसके लिए हमारी सरकार के द्वारा बिरसा सिंचाई कूप योजना के नाम से एक नई योजना प्रारंभ की गई है। इस योजना के अंतर्गत 1 लाख कुआं का निर्माण किया जायेगा। राज्य में सिंचाई सुविधा का विस्तार करने की दिशा में कुल 49 सिंचाई योजनाओं का पुनरूद्धार कार्य पूर्ण कर लिया गया है जिससे लगभग 54 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि पर सिंचाई सुविधा को पुनर्बहाल की गई है।