logo

पलामू में राज्यपाल ने धरती आबा को किया नमन, ग्रामीणों से बात करते हुए कहा मैं जल्द हिंदी में संवाद करूंगा

pala.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर मेदिनीनगर स्टेशन रोड स्थित धरती बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित की। इसके बाद पावर ग्रिड कॉर्परेशन ऑफ इंडिया लि. एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ पलामू परिसदन में समीक्षा बैठक की। समीक्षा करते हुए कहा कि उनको लहलहे पंचायत भवन में ग्रामीणों से संवाद के पता चला कि पावर ग्रिड द्वारा अधिकृत भूमि का उचित मुआवजा नहीं प्रदान किया जा रहा है और न ही इस कॉर्परेशन द्वारा सीएसआर के तहत कार्य हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों व उपायुक्त से इनकी मांगो पर ध्यान देते हुए इनकी वस्तुस्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के लिए कहा ताकि इसका समाधान हो सके। राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि जिस क्षेत्र में यह स्थित है, वहां प्राथमिकता के तौर पर सीएसआर का कार्य किया जाय। उन्होंने कहा कि लोगों को आपका कार्य दिखना चाहिये। उन्होंने लहलहे में ग्रामीणों द्वारा जनसहयोग से संचालित विद्यालय का सीएसआर के तहत चाहरदीवारी एवं अन्य कार्य कराने के लिए उठाये गये मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे विद्यालयों के लिए आपको सीएसआर के तहत कार्य करना चाहिए। इसके साथ ही आपको सतही जानकारी होनी चाहिए। जिससे जनहित में बेहतर कार्य हों। उन्होंने कहा कि उन्हें लहलहे में ग्रामीणों से संवाद के क्रम में लोगों द्वारा अवगत कराया गया कि यहा सिंचाई की समस्या है व वर्षा जल संचयन की स्थिति भी ठीक नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को चेकडैम निर्माण करवाने को कहा।। उन्होंने कहा कि जनहित में आपके पास अच्छे प्रस्ताव होना चाहिये। सिंचाई की समस्या के निदान के लिए आपको द्रुत गति से प्रयास करना चाहिए। 


विधवा को दिया गया 1 लाख का चेक
राज्यपाल ने आज पलामू के परिसदन में सुनीता कुमारी, उर्मिला देवी, को अपने विवेकाधीन अनुदान मद से 1-1 लाख रु का चेक एवं विधवा सम्मान पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया। साथ ही सुनीता कुमारी को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभ से आच्छादित किया गया। उर्मिला देवी को पहले ही लाभ मिल चुका है। उन्होंने उपायुक्त से कहा कि इन पीड़िताओं की आजीविका, इनके बच्चों की शिक्षा,  इनके बालिका के विवाह के लिए सरकार द्वारा संचालित अन्य योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किया जाय। 


राज्यपाल ने पलामू जिलांतर्गत रामगढ़ प्रखंड के नावाडीह पंचायत भवन में ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए कहा कि जब तक आदिम जनजाति का विकास नहीं होगा, राज्य का विकास नहीं होगा। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा आप सबके उत्थान के लिए कई योजनाएं संचालित है, आप सभी को इन योजनाओं का लाभ उठाना होगा। राज्यपाल महोदय ने स्वयं सेवा सहायता समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित किया। उन्होंने शिक्षको की कमी के संदर्भ में ध्यान आकृष्ट कराने पर कहा कि राज्य में शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। अब यहाँ शिक्षकों की समस्या नहीं होगी। उन्होंने जल की समस्या के संदर्भ में ध्यान आकृष्ट कराने पर कहा कि उनके द्वारा आज ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ चेकडैम के निर्माण व वर्षा जल संचयन हेतु अधिकारियों को निदेशित किया गया। राज्यपाल महोदय ने उक्त अवसर पलामू में लिफ्ट एरिगेशन के तहत कार्य करने की बात कही। उन्होंने सभी को जागरूक होने होते हुए कहा तथा नशापान से दूर रहने हेतु कहा। 

राज्यपाल ने गढ़वा जिलान्तर्गत रमकण्डा के प्रखंड कार्यालय-सह-अंचल कार्यालय में ग्रामीणों से बात करते हुए कहा कि हम जिस जगह से आते हैं, वहां भी कम बारिश होती है। लेकिन वहां औद्योगिक प्रगति हुई है। एक रास्ते बंद होते हैं, दूसरे द्वार खुलते हैं। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या यहां है, लेकिन यहां के लोग परिश्रमी हैं। गढ़वा के विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार से सहयोग के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने शिक्षा पर ध्यान देने की बात करते हुए कहा कि अब तो विदेश में भी पढ़ाई करने के लिए सरकार मदद करती है। हर गांव विकसित होगा तो पंचायत विकसित होगा, हर पंचायत विकसित करेगा तो प्रखण्ड विकसित होगा, प्रखंड विकसित होगा तो जिला विकसित होगा, जिला विकसित होगा तो राज्य विकसित होगा और राज्य विकसित होगा तो देश विकसित होगा। आज झारखंड विकास के मामले में नीचे से दूसरे स्थान पर है, आगे आने वर्षों में यह देश के विकसित राज्यों में उपर से दूसरे स्थान पर होगा और यह असंभव नहीं है, यह आप सभी के मेहनत व परिश्रम से संभव है। कृषि व उद्योग की दिशा में ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मैं शीघ्र ही आपसे हिन्दी में संवाद करने लगूँगा।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N