द फॉलोअप डेस्क
गुमला के सिसई थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 12वीं कक्षा की छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा की मां की शिकायत पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के करीब छह से सात घंटे के अंदर मंगलवार रात अरंगी जंगल से छात्रा को बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब तीन बजे छात्रा साइकिल से स्कूल से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बोलेरो से पहुंचे पांच युवकों ने कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया। छात्रा के पीछे से आ रही दो अन्य छात्राओं ने रास्ते में उसकी साइकिल और स्कूल बैग पड़ा देखा। उन्होंने इसकी जानकारी छात्रा के परिजनों को दी। छात्रा के अचानक गायब होने और सड़क पर साइकिल व बैग मिलने के बाद परिजनों को उसके अपहरण की आशंका हुई।

मां की शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा की मां ने सिसई थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया और कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार रात पुलिस टीम ने अरंगी जंगल में कार्रवाई करते हुए छात्रा को बरामद कर लिया। मौके से पुलिस ने मुख्य आरोपी बिरिया उरांव को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में बिरिया ने अपने अन्य साथियों के नाम पुलिस को बताए। मुख्य आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के घरों पर छापेमारी कर सभी पांचों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में घाघरा थाना क्षेत्र के काचा पारा गांव निवासी बिरिया उरांव (18 वर्ष), मुन्ना उरांव (26 वर्ष), राजेश उरांव (22 वर्ष), बीरेंद्र उरांव (30 वर्ष) और अरंगी गांव निवासी आशीष लोहरा (20 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी, जिसका नंबर जेएच 01 ए 25699 है, को भी जब्त कर लिया है।

एकतरफा प्रेम का एंगल, मेडिकल और बयान के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे एकतरफा प्रेम का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी बिरिया उरांव द्वारा छात्रा के साथ दुष्कर्म किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार ने कहा है कि मेडिकल जांच और छात्रा के बयान के बाद ही मामले में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।