द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला प्रशासन के सहयोग से आज एमवीएम बागीमा पालकोट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड (रागी मिशन) की तीसरी वार्षिक आम सभा (एजीएम) टाउन हॉल, गुमला में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस सभा में वित्तीय वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों और प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान बताया गया कि वर्तमान में कंपनी से 678 शेयर होल्डर जुड़े हैं, और वित्तीय वर्ष 2024-25 में कंपनी का कुल राजस्व तीन करोड़ रुपये से अधिक रहा, जबकि सकल लाभ 17 प्रतिशत दर्ज किया गया। रागी मिशन ने अपनी पहुंच को बढ़ाते हुए लगभग 29,500 किसानों तक सीधा संपर्क स्थापित किया है। कंपनी द्वारा निर्मित उत्पाद अब फ्लिपकार्ट, अमेज़न, ओएनडीसी और ragimission.com जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को राष्ट्रीय बाज़ार तक पहुँच मिली है।
इस वार्षिक आम सभा में डीडीसी गुमला, डीएओ गुमला, स्टेट रिसोर्स सेल ऑफिसर मीनाक्षी प्रकाश, डीपीएम जेएसएलपीएस गुमला, सीए प्रकाश मंत्री, जेएसएलपीएस टीम, प्रदान टीम, एफपीओ बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, जोहर रागी टीम और सभी शेयर होल्डर उपस्थित थे। अतिथियों ने किसानों की मेहनत और रागी मिशन की सफलता की सराहना की और इस पहल को गुमला जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
यह वार्षिक आम सभा न केवल पिछले वर्षों की सफलताओं को दर्शाती है, बल्कि भविष्य की कार्ययोजनाओं और लक्ष्यों को भी स्पष्ट करती है। जिला प्रशासन के सहयोग से शुरू हुआ रागी मिशन आज किसानों की आजीविका को बेहतर बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में बाज़ार सुविधाएं उपलब्ध कराने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।
