logo

दुर्गा पूजा में बिजली ने डाला खलल, पिछले 24 घंटे से हजारीबाग ब्लैकआउट

BIJLI4.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग में दुर्गा पूजा की उमंग के बीच बिजली विभाग की लापरवाही ने लोगों के माथे पर शिकन ला दी है। पिछले 24 घंटे से पूरा शहर अंधेरे में डूबा हुआ है। पूजा पंडालों की रंग-बिरंगी रोशनी पर मानो ग्रहण लग गया हो। पिछले दो दिनों से हुई लगातार मूसलधार बारिश और तेज गर्जन के चलते कई बड़े पेड़ सड़कों और बिजली तारों पर गिर पड़े। जगह-जगह खंभे टूट गए, बिजली के तार बिखर गए और पूरा तंत्र ध्वस्त हो गया।

दुर्गा पूजा में लोग रोशनी और सजावट के बीच मां की आराधना करना चाहते थे, लेकिन बिजली गुल होने से श्रद्धालुओं में गुस्सा और मायूसी दोनों झलक रही है। कई इलाकों में लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया है। 

दुर्गा पूजा 1 महीने पहले से बिजली विभाग मेंटेनेंस के नाम पर 10:00 बजे से 5:00 बजे तक बिजली की कटौती भी करती रहीं उसके बाद भी पूजा में निर्बाध तौर पर बिजली देने से विभाग विफल रहीं। विभाग की टीम टूटे खंभों और तारों को ठीक करने में जुटी हैं। मरम्मत का काम जारी है, लेकिन सवाल उठ रहा है कि त्योहारों से पहले ही विभाग ने पुख्ता तैयारी क्यों नहीं की?

शहरवासी साफ चेतावनी दे रहे हैं कि अगर बिजली व्यवस्था तत्काल नहीं सुधरी तो बड़े स्तर पर विरोध देखने को मिलेगा। पूजा की उमंग को फिर से जगाने के लिए अब लोगों की निगाहें सिर्फ बिजली विभाग की कार्यकुशलता पर टिकी हैं।
 

Tags - jharkhand news jharkhand latest news hazaribagh news hazaribadh latest news hazaribagh khabar