logo

हजारीबाग : होमगार्ड संघ के सदस्यों ने नियुक्ति के लिए सरकार से लगाई गुहार 

APPOINTMENT.jpg

हजारीबाग 

हजारीबाग (Hazaribagh) में होमगार्ड संघ के सदस्यों ने नियुक्ति के लिए सरकार से गुहार लगाई है। संघ के सदस्यों ने कहा है कि झारखंड सरकार की ओऱ से पत्रांक संख्या 01/2019 के माध्यम से होमगार्डों की नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसकी परीक्षा भी हुई। लेकिन सफल उम्मीदवारों को अभी तक नियुक्त नहीं किया गया है। इससे उम्मीदवारों में आक्रोश है। वे नियुक्ति के लिए उग्र आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। नियुक्ति नहीं मिलने से 1298 बेरोजगार युवा का भविष्य अधर में है। 

क्या कहना है संघ का 

मामले में संघ के सदस्यों ने कहा कि होमगार्ड की नियुक्ति के लिए हजारों की संख्या में युवा बेरोजगारों ने परीक्षा दी। इसमें शारीरिक परीक्षा के साथ लिखित परीक्षा भी ली गयी। परीक्षा के बाद मेधा सूची का भी प्रकाशन किया गया है। लेकिन सफल उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है। लगभग तीन साल से बेरोजगार युवा अपनी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे है। लेकिन सरकार और स्थानीय प्रशासन ने इस मामले में उदासीनता अख्तियार कर रखी है। 

उम्मीदवार कर चुके हैं 118 दिन का प्रदर्शन 

होमगार्ड संघ के अध्यक्ष रंकज सिंह औऱ सचिव जीतू कुमार ने बताया कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरा करने के लिए उन्होंने उपायुक्त से भी गुहार लगाई। लेकिन इस दिशा में कोई कार्यवाही नहीं की गयी। इस दौरान 118 दिनों का धऱना-प्रदर्शन भी आयोजित किया गया। अब फिर से उग्र आंदोलन की तैयारी हो रही है। इसके लिए होमगार्ड परीक्षा के सभी सफल उम्मीदवारों से गोलबंद होने की अपील की गयी है। सभी से संपर्क किया जा रहा है।