द फॉलोअप डेस्क
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी आगामी 3 जनवरी को साहिबगंज के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सुबह 11 बजे सदर अस्पताल में ओपीडी सेवा प्रदान करेंगे। ओपीडी के दौरान मंत्री स्वयं मरीजों से संवाद करेंगे, उनकी समस्याएँ सुनेंगे तथा आवश्यक उपचार भी करेंगे। आम नागरिक इस अवसर पर सीधे स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ एवं शिकायतें रख सकेंगे।
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जनसेवा उनकी प्राथमिकता है और यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि जनता के बीच रहकर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सदर अस्पताल में किसी प्रकार की कमी या खामी पाई जाती है, तो उसे तत्काल उनके संज्ञान में लाया जाए, ताकि उस पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। ओपीडी के दौरान वे अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से भी बातचीत करेंगे और उनका मनोबल बढ़ाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों को सम्मान और विश्वास देना आवश्यक है, जिससे वे पूर्ण निष्ठा के साथ जनता की सेवा कर सकें। उनका उद्देश्य है कि हर मरीज को यह भरोसा मिले कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था सशक्त और विश्वसनीय है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि साहिबगंज दौरे के क्रम में वे जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए चिन्हित की गई जमीनों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और स्थानीय युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी स्वास्थ्य समस्याओं अथवा अस्पताल व्यवस्था से जुड़ी किसी भी शिकायत को लेकर ओपीडी के दौरान सीधे उनसे मिलें। उन्होंने कहा कि साहिबगंज आकर जनता से संवाद करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना उनका कर्तव्य है।
