द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में मॉनसून सक्रिय है। रांची समेत राज्य के अधिकतर जिलों में मंगलवार से ही रुक-रुककर झमाझम बारिश हो रही है। बुधवार को भी बारिश का सिलसिला जारी है। संताल के अलावा कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि दक्षिणी-पश्चिम मॉनसून ने पूरे भारत को कवर लिया है। इसका वास्तविक तिथि आठ जुलाई है, लेकिन छह दिन पहले ही मॉनसून पूरे देश पर छा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी बिहार में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बन रहा है। इसके अलावा एक टर्फ बन रहा है, जो उत्तरी पंजाब से मिजोरम की ओर जा रहा है। दोनों सिस्टम का असर झारखंड में भी दिख रहा है। इस वजह से 5 जुलाई तक अच्छी बारिश होगी। 6 जुलाई से बारिश में कुछ कमी आएगी। इसके बाद हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। तीन और चार जुलाई को संताल के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा बोकारो, हजारीबाग, गुमला, रामगढ़, रांची और खूंटी में तेज बारिश की संभावना है।
झारखंड में अब तक 55 प्रतिशत कम बारिश
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में 2 जुलाई तक 93.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। सामान्य वर्षापात 206.5 एमएम है। अभी 55 प्रतिशत बारिश कम है। जुलाई में इसकी कमी पूरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार 2 जुलाई तक सबसे कम बारिश पाकुड़ से हुई है। यहां का सामान्य वर्षापात 247.2 एमएम है, लेकिन अभी तक 38.9 एमएम बारिश हुई है। कुल 84 प्रतिशत का विचल है। सबसे अधिक 257.3 एमएम बारिश सिमडेगा में हुई है।