logo

हेमंत सोरेन को सत्ता में आने के बाद सिर्फ पैसा और परिवार याद रहा : बाबूलाल मरांडी

babulal_MM.jpg

रांची 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम् पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी अपनी संकल्प यात्रा के दौरान आज फिर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर बरसे। मरांडी आज बरवाडीह में मनिका विधानसभा क्षेत्र की संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने हेमंत सोरेन को विकास के लिए सत्ता सौंपी थी। युवाओं ने रोजगार के लिए उन्हें मुख्यमंत्री बनाया था। लेकिन सीएम हेमंत सत्ता में आते ही सारे वादे भूल गए। इन्हें केवल पैसा और परिवार याद रहा। उन्होंने कहा कि परिवार और पैसे के लिए हेमंत सोरेन झारखंड के खदान, खनिज, बालू, पत्थर और जमीन सब को लूट रहे। वे फाइल, फोल्डर और बॉस में उलझ गए हैं। कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता के लिए बालू फ्री था लेकिन सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुंबई, दिल्ली, कोलकाता के व्यापारियों को बालू घाट को लूटने की जिम्मेवारी दे दी। मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन अब और सत्ता में रहेंगे तो झारखंड वासियों के लिए राज्य में कुछ भी नही बचेगा। उन्होंने कहा कि आज राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। रोज हत्या, लूट अपहरण की घटनाएं हो रहीं । बहन बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं। राज्य प्रतिदिन औसत 5 हत्या और 5 बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं।

भ्रष्टाचार ने जनता का जीना हराम किया 

मरांडी ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार ने जनता का जीना हराम कर दिया है। ब्लॉक, थाना, अंचल कही भी बिना पैसे के बिना काम नहीं होता। आय प्रमाण पत्र, म्यूटेशन, आवासीय प्रमाणपत्र, जाति प्रमाण पत्र या मृत्यु प्रमाण पत्र कुछ भी बनवाना हो तो पैसे  देने ही पड़ेंगे। कहा कि झारखंड राज्य भाजपा सरकार की देन है और  जो भी विकास दिखता है वह सब भाजपा सरकार की देन है। कहा कि झारखंड राज्य अटल जी की देन है। कांग्रेस झामुमो के लोग तो आंदोलन को बेचने और खरीदने में लगे हुए थे। अटल जी की सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव औऱ शहर की दूरी को कम किया। कहा कि आज पिछले साढ़े नौ वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर महिला, युवा सभी वर्गों के विकास को समर्पित है। मोदी सरकार अपने वादों पर खरी उतर रही है। मोदी सरकार लगातार गांव गरीब किसान की सेवा में काम कर रही है। अगली सरकार भी मोदी के नेतृत्व में ही बनेगी।