द फॉलोअप डेस्क
पटना में आयोजित वोट अधिकार मार्च में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज वहां पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास भी गए। वहां उन्होंने राजद के अध्यक्ष व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद से मुलाकात की। उनका हालचाल एवं आशीर्वाद लिया। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, सामाजिक-आर्थिक हालात तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव और उसमें झामुमो की हिस्सेदारी पर भी अनौपचारिक चर्चा हुई। अब अगले दौर की बातचीत के बाद सीटों के बंटवारे का फार्मूला अंतिम रूप से सामने आएगा।

संघर्ष और न्याय की राजनीति के प्रतीक है लालू प्रसाद यादव
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लालू प्रसाद यादव संघर्षशील नेता हैं, जिन्होंने हमेशा गरीबों,पिछड़ों और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से देश के लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की राजनीति को मजबूती मिलती रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड और बिहार के बीच ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते हैं। दोनों राज्यों की एकजुटता और आपसी सहयोग से क्षेत्र का विकास और भी तेज़ी से संभव हो सकेगा। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के परिवार के अन्य सदस्य और राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी मौजूद थे।
