घाटशिला
धालभूमगढ़ (पूर्वी सिंहभूम): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को धालभूमगढ़ के नरसिंगगढ़ हाट मैदान में आयोजित चुनावी सभा में कहा कि झारखंड में स्थापित होने वाली हर कंपनी को 75 प्रतिशत नौकरियां स्थानीय युवाओं को देनी होंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो कंपनियां इस नियम का पालन नहीं करेंगी, उन्हें राज्य में कोई स्थान नहीं मिलेगा।
मुख्यमंत्री सोरेन यूपीए प्रत्याशी सोमेश सोरेन के पक्ष में आयोजित इस सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। घाटशिला उपचुनाव 11 नवंबर को होना है, जिसमें 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। लेकिन असली मुकाबला झामुमो और भाजपा के बीच है — एक ओर जनबल है, दूसरी ओर धनबल।

सोरेन ने लोगों से अपील की कि वे भाजपा के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा, “वे तरह-तरह के लालच देंगे, लेकिन आप लोग दो नंबर बटन दबाकर दिशोम गुरु शिबू सोरेन और दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि दें।”
भाजपा पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “झारखंड बने 25 साल हो गए, जिनमें से 18 साल भाजपा ने राज किया। उन्होंने राज्य को लूटकर खोखला बना दिया। अगर शुरू से झामुमो की सरकार रहती, तो झारखंड आज अलग दिखता।” उन्होंने कहा कि अब राज्य की सवा तीन करोड़ जनता उनके साथ है और वे हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े हैं।
भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “झामुमो में खा-पीकर मोटे हो गए, और अब हल भाजपा का जोत रहे हैं। ऐसे धोखेबाज प्रत्याशियों से सावधान रहिए।” उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन ने घाटशिला क्षेत्र के विकास के बड़े सपने देखे थे — उन्हीं की वजह से मुसाबनी में इंजीनियरिंग कॉलेज और जनजातीय विश्वविद्यालय की स्वीकृति मिली। अब सोमेश सोरेन उन्हीं सपनों को पूरा करेंगे।

राज्य के परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुजुर्गों के लिए सहारा बनकर “सर्वजन पेंशन योजना” लागू की, मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को मासिक सहायता दी और गरीब परिवारों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी। सभा को मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, सांसद जोबा मांझी, विधायक सविता महतो, अरुप चटर्जी, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू और दिवंगत रामदास सोरेन की पत्नी सूरजमनी सोरेन समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
.jpeg)