logo

बच्ची से बर्बरता पर हाईकोर्ट का स्वतः संज्ञान, आज हजारीबाग बंद; एक सप्ताह बाद भी पुलिस के हाथ खाली 

ूोतो1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ हुई दरिंदगी की घटना को लेकर जिले में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुलाए गए बंद का व्यापक असर देखने को मिला। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बाजार, दुकानें और यातायात काफी हद तक प्रभावित रहे। लोगों ने स्वेच्छा से बंद का समर्थन करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की। घटना को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आम जनता और राजनीतिक दलों में नाराजगी है। इसी बीच सांसद मनीष जायसवाल ने जिला प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने फिलहाल हजारीबाग बंद का समर्थन किया, लेकिन जरूरत पड़ने पर पूरे झारखंड में बंद की चेतावनी भी दी।


सांसद ने कहा कि एक मां अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार लगा रही है और इस तरह की जघन्य घटना समाज के लिए शर्मनाक है। भाजपा ने भी स्पष्ट किया है कि जब तक दोषियों को कड़ी सजा नहीं मिलती, तब तक पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।


वहीं, इस गंभीर मामले में हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य के गृह सचिव, डीजीपी और हजारीबाग एसपी को पक्षकार बनाते हुए जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। अदालत ने घटना की गंभीरता पर चिंता जताते हुए पीड़िता के परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।