द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हैदराबाद के चेंगीचेर्ला स्थित राष्ट्रीय मांस अनुसंधान केंद्र का दौरा किया। इस दौरान बेकन उत्पादन, नई तकनीकों और अनुसंधान केंद्र की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला। मंत्री ने कहा कि वर्षों से बंद पड़ी रांची की बेकन फैक्ट्री को पुनर्जीवित करने के लिए इस केंद्र के अनुभव और तकनीक का लाभ लिया जा सकता है।
राष्ट्रीय मांस अनुसंधान केंद्र के अधिकारियों के साथ हुई विस्तृत चर्चा के बाद यह संभावना जताई गई कि यह केंद्र झारखंड सरकार के लिए एक 'नॉलेज पार्टनर' की भूमिका निभा सकता है। मंत्री ने यह भी कहा कि राज्य के पशुपालकों की आय बढ़ाने और मांस उद्योग को सशक्त करने के लिए राष्ट्रीय मांस अनुसंधान केंद्र की तकनीकी मदद अहम साबित हो सकती है। उन्होंने बताया कि जल्द ही बेहतर समन्वय स्थापित कर इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
इस अहम बैठक में झारखंड के विशेष सचिव गोपाल जी तिवारी, प्रदीप कुमार हजारी, मत्स्य निदेशक एच.एन. द्विवेदी और तेलंगाना सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे। दौरे से यह संकेत मिला है कि झारखंड सरकार रांची की बंद फैक्ट्री को फिर से शुरू करने के प्रति गंभीर है और अब वह तकनीकी विशेषज्ञता के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है।