द फॉलोअप डेस्क
बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खंडामौदा पेट्रोल पंप के सामने बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में टेंपो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि टेंपो में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान खंडामौदा निवासी हाराधन पाईकिरा (35) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हाराधन अपने टेंपो में सवारी लेकर गोपीबल्लापुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में चालक हाराधन टेंपो से दूर सड़क पर जा गिरा और उसके सिर के ऊपर से वाहन का पहिया गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, टेंपो में सवार सभी पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। खबर लिखे जाने तक घायलों के नाम की पुष्टि नहीं हो सकी है। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। इधर, सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद चालक समेत ट्रक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ट्रक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है।