logo

 कैसे हुआ गिरिडीह में बस हादसा, ड्राइवर का क्यों बिगड़ा था संतुलन, पढ़िए 

barakar1.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
झारखंड के गिरिडीह जिले में शनिवार की रात बड़ा हादसा हो गया। दरअसल रांची से गिरिडीह जा रही सम्राट बस का गिरिडीह जिले में एक्सीडेंट होने से 4 लोगों की मौत हो गई, वहीं 23 लोग घायल हैं। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बस रांची से गिरिडीह के लिए निकली थी। इस बस में तकरीबन 30 से अधिक लोग सवार थे। बस जैसे ही पीरटांड थाना पार कर बराकर नदी के पास पहुंची। ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया। संतुलन खोने की वजह से बस सीधा पुल से नीचे नदी में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग राहत बचाव कार्य के लिए दौड़ पड़े। दुर्घटनाग्रस्त बस के मालिक गिरिडीह के राजू खान हैं। उन्होंने बताया कि रांची के सरकारी बस स्टैंड से उनकी बस दोपहर 03:45 बजे खुली थी। उस वक्त बस में 11 यात्री थे। फिर बूटी मोड़ पर तीन यात्री और सवार हुए। बाद में दूसरे यात्री चढ़ते गये। बस को चालक टिंकू मंडल चला रहे थे। चालक के साइड से ही बस पलटी। राजू खान के मुताबिक उन्हें किसी ने सूचना दी कि बाइक सवार को बचाने के क्रम में चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हालांकि उन्होंने कहा कि टिंकू ही अब घटना के बारे में सही से बता पाएगा। 


 

सीएम ने जताया शोक
मरने वालों में कृषि विभाग में कार्यरत बक्सीडीह रोड निवासी 42 वर्षीय संतोष कुमार अग्रवाल, कोलडीहा हुट्‌टी बाजार निवासी 55 वर्षीय मानिक चंद अग्रवाल, बस का खलासी विष्णुगढ़ निवासी 40 वर्षीय अनिल कुमार धनिया है। वहीं चौथे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।घटना के कुछ ही देर बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया था। उन्होंने कहा कि झारखंड के गिरिडीह में रांची से गिरिडीह आ रही बस की बराकर नदी में दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार मिला है। जिला प्रशासन और झामुमो नेता और कार्यकर्ता बचाव कार्य कर रहे हैं। घटना की सूचना पर स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार भी मौके पर पहुंचे थे।  केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी पहुंची थी। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी घटना स्थल पर मौजूद थे। घायलों का इलाज जिले के तीन अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। कुल घायलों की संख्या 23 है। अभी प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी की हालत सामान्य है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT