द फॉलोअप डेस्क
हूल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को याद किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर शहीद सिद्धो-कान्हू ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक बिगुल फूंका था। उनका संघर्ष आज भी समाज को साहस, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के वीर सपूतों ने अलग-अलग समय में अपने कर्तव्यों और राज्य के लिए खुद को समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि वीर शहीद सिद्धो-कान्हू का नाम भारत के इतिहास में अमिट रूप से दर्ज है और हूल दिवस पर हम सभी उनके संघर्ष, अदम्य साहस और आदर्शों को याद करते हुए उन्हें शत-शत नमन करते हैं। इस दौरान उनकी पत्नी कल्पना सोेरेन, रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री और सैंकड़ों झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।
