गिरिडीह:
गिरिडीह के दूधपानियां निवासी हुलास महतो पिछले 1 महीने से अबू धाबी की जेल में बंद हैं। परिजनों ने जानकारी दी है कि 11 मार्च 2026 को एनसीसी कंपनी में नौकरी करने गए हुलास 28 मई से ही अबू धाबी जेल में बंद हैं। हुलास को दुबई पुलिस ने गिरिडीह के ही बनपुरा निवासी बलदेव सिंह और एक तमिल युवक के साथ गिरफ्तार किया था। 11 जून को ही बलदेव और तमिल युवक को दुबई पुलिस ने रिहा कर दिया। दोनों को मुंबई भेजा गया जहां से वे अपने घर लौट गए हैं, लेकिन हुलास वहीं जेल में बंद हैं।

परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
हुलास के परिवार में उनकी दिव्यांग पत्नी धानेश्वरी देवी, बुजुर्ग मां डीलेश्वरी देवी, बेटा इंद्र कुमार और बेटी बेबी कुमारी परेशान हैं। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। झारखंड में प्रवासी श्रमिकों के लिए काम करने वाले सिकंदर अली हुलास के घर पहुंचे और जरूरी दस्तावेज जुटाने को कहा है, ताकि हुलास की रिहाई के लिए सरकार समेत संबंधित एजेंसी के सामने अपील की जा सके।

हुलास की गलती भी अभी स्पष्ट नहीं
अभी यह भी स्पष्ट नहीं है कि हुलास महतो को किस आरोप में दुबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इधर, परिजनों को अनहोनी की आशंका सता रही है। हुलास महतो परिवार में कमाने वाला इकलौता सदस्य है। परिजनों को उम्मीद है कि सरकार, हुलास की रिहाई और सुरक्षित घर वापसी की पहल करेगी।