logo

बीमा के लालच में पति ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या, फिर रचा सड़क हादसे का नाटक; पुलिस ने किया खुलासा

padma.jpg

द फॉलोअप डेस्क

हजारीबाग़ जिले के पदमा थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर आई है, जहां बीमा की मोटी रकम के लालच में एक पति ने अपनी ही नवविवाहिता पत्नी की हत्या कर दी। लालच इस कदर अंधा हो गया कि उसने उस लड़की की जान ले ली, जिसके साथ उसने सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाई थीं।
मामला पदमा ओपी क्षेत्र के दोनई कला गांव का है। 9 अक्टूबर की रात सेवंती कुमारी की मौत को शुरू में एक सड़क हादसा बताया गया। मगर पुलिस की गहराई से की गई जांच ने इस कथित हादसे का काला सच सामने ला दिया। हर सबूत ने इस बात की तस्दीक की कि यह कोई एक्सीडेंट नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश थी।

मृतका के पिता महावीर मेहता ने थाने में दिए आवेदन में बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दामाद मुकेश मेहता ने महज़ तीन महीने पहले अपनी पत्नी के नाम से 15 लाख रुपये की एलआईसी बीमा पॉलिसी ली थी। और उसी रकम को हड़पने की नीयत से उसने अपनी पत्नी का गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने कहानी रची कि सेवंती की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई।

बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल ने बताया कि जांच में आरोपी के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी अपनी पत्नी के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो मुकेश मेहता ने आखिरकार अपराध कबूल कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। लेकिन इस वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। महज़ पैसों के लिए अपनी जीवनसंगिनी की जान लेना लालच और बेवफाई की ऐसी मिसाल है, जो समाज को सोचने पर मजबूर करती है.. कि अगर इंसान का विवेक मर जाए, तो वह रिश्तों का कसाई बन जाता है।

Tags - jharkhand news jhrakhand khabar jharkhand update news hazaribagh news hazaribagh khabar hazaribagh update hazaribagh latest news