द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के दादरा गांव (दंगवार) निवासी 23 वर्षीय शशि कुमार पासवान की घर लौटने की कोशिश उसके लिए मुसीबत बन गई। बहन की शादी में शामिल होने की इच्छा लेकर वह घर आने की तैयारी कर रहा था, लेकिन अब कथित तौर पर दुबई की जेल में बंद है। बेटे की रिहाई को लेकर चिंतित पिता ललन पासवान ने हुसैनाबाद थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर मदद की अपील की है। उन्होंने पुलिस से अपने पुत्र को जेल से बाहर निकालने के लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है। परिवार के मुताबिक, शशि के विदेश में बंद होने से घर में परेशानी का माहौल है।

कंपनी में काम करने दुबई गया था युवक
ललन पासवान के आवेदन के अनुसार, शशि वर्ष 2025 में एक कंपनी के अनुबंध पर नौकरी करने दुबई गया था। इसी बीच उसकी छोटी बहन की शादी 26 जून 2026 को तय हुई। शादी में शामिल होने के लिए वह अपने घर वापस आना चाहता था। आरोप है कि इसी दौरान एक दलाल ने उसे घर भेजने का भरोसा दिया और उससे पैसे भी ले लिए। बाद में प्रशासन की कार्रवाई के दौरान दलाल के साथ शशि भी दुबई की जेल में बंद हो गया। हालांकि, उसे किन परिस्थितियों में गिरफ्तार किया गया और मामले में उसकी क्या भूमिका बताई गई है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

तीन महीने से जेल में बंद होने की बात
शशि की पत्नी सुमित्रा ने दूरभाष पर बताया कि उनके पति ने उन्हें जानकारी दी है कि दलाल ने उन्हें टेलीग्राम से जुड़े एक मामले में फंसा दिया है। पत्नी के अनुसार, शशि पिछले तीन महीने से जेल में बंद है। परिवार को अब उसकी रिहाई और सुरक्षित घर वापसी का इंतजार है। पिता ने थाना प्रभारी से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से बेटे की रिहाई में मदद दिलाने की मांग की है। फिलहाल, दुबई में शशि की गिरफ्तारी के वास्तविक कारण, मामले की कानूनी स्थिति और उसकी रिहाई की संभावनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में परिवार की उम्मीदें संबंधित अधिकारियों की पहल पर टिकी हैं।