द फॉलोअप डेस्क
बोकारो के बेरमो अनुमंडल के एक जंगल से युवक का शव बरामद किया गया है। युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। पहले गला रेता गया, इसके बाद पत्थर से कूच दिया गया। युवक की पहचान टीकाहारा पंचायत के बुटगोड़वा गांव निवासी सागेन सोरेन के रूप में हुई है। सागेन की उम्र 20 साल बताई जा रही है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की छानबीन में पुलिस जुटी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घर से 500 मीटर की दूरी पर मिली लाश
घटना गोमियां प्रखंड अंतर्गत महुआटांड थानाक्षेत्र के चटनिया टोला की है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सागेन गुरुवार सुबह हर दिन की तरह नित्य क्रिया के लिए गया था। इसके बाद वह नहीं लौटा। शाम तक घर नहीं आने के बाद परिजनों को उसकी चिंता होनी लगी। खोजबीन करने पर सागेन के छोटे भाई को घर से 500 मी की दूरी पर लहूलुहान हालत में भाई की लाश मिली। उसने तुरंत माता-पिता को मामले की जानकारी दी। पुलिस को बताया गया। घटनास्थल पर पहुंच कर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N