logo

2 बच्चों के साथ 3 दिन से ससुराल में धरने पर बैठी महिला, वजह हैरान करने वाली है

a414.jpeg

बोकारो:

झारखंड के बोकारो में एक महिला अपने 2 बच्चों के साथ 3 दिन से ससुराल के बाहर धरने पर बैठी है। महिला का आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने उसे 2 बच्चों सहित घर से निकाल दिया। कुछ समय पहले ही महिला के पति की मौत हो गई थी। महिला का आरोप है कि ससुराल वालों ने यह कहते हुए उसे घर से निकाल दिया कि पति की मौत के बाद घर या संपत्ति में तुम्हारी कोई हिस्सेदारी नहीं है। ससुराल के किसी भी चीज पर तुम्हारा हक नहीं है। महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

 

महिला ने चास थाना में दी लिखित शिकायत
यह पूरा मामला बोकारो जिला के चास थानाक्षेत्र अंतर्गत तारानगर फेरी मोहल्ला का है। महिला ने चास थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि पहले भी पुलिस द्वारा मामले में हस्तक्षेप किए जाने के बाद उसे ससुराल में रहने दिया गया था लेकिन बृहस्पतिवार से ही ससुराल वाले घर में ताला लगाकर कहीं चले गए हैं। महिला अब बीते 3 दिनों से अपने ससुराल के बाहर बरामदे में अपने 2 बच्चों के साथ धरने पर बैठी है। वहीं बिस्तर लगा है और खाना भी पकता है। 

महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है
महिला का कहना है कि पिछली बार पुलिस ने मदद की थी लेकिन इस बार उसे प्रशासन से कोई सहयोग नहीं मिल रहा। महिला ने चास थाना में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि ससुराल वाले उसे धमका रहे हैं। महिला ने पुलिस से अपने बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। इस बीच ससुराल वालों की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।