logo

जिस पत्नी के लिए कमाने गया विदेश, उसी ने साइबर ठग प्रेमी के साथ मिलकर दिया धोखा

cyber4.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जो पति अपनी पत्नी के लिए कमाने दुबई गया था, उसी पत्नी ने पति को धोखा दे दिया। दरअसल पत्नी ने साइबर ठग प्रेमी के साथ मिलकर पति का पैसा गबन कर लिया। इस मामले में मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के पीपरा गांव निवासी सज्जाद अंसारी ने अपनी पत्नी शगुप्ता जुही, मेहीद आलम, रजिया खातुन, इसरार आलम, साहीदा खातुन और सोहनी परवीन के खिलाफ मधुपुर थाने में परिवाद दर्ज कराया है। पीड़ित पति सज्जाद ने बताया कि वह कमाने के लिए 2021 में दुबई गया था। उससे पहले उसने मधुपुर में एक्सिस बैंक में खाता खुलवाया ताकि वह कमाए हुए पैसे खाते में भेज सके। खाता खोलते समय उसने 13 हजार जमा किया था। उस खाते से पत्नी ने अपना मोबाइल नंबर जोड़ा था। वह मोबाइल छोड़कर गया था, जिसे उसकी पत्‍नी इस्तेमाल कर रही थी।


ऐसे हुआ खुलासा 
जब वह अपने देश वापस आया तो एटीएम से पैसे निकालने गया। इसके बाद उसे पता चला कि उसका एटीएम काम नहीं कर रहा है। तब उसने एक्सिस बैंक मधुपुर शाखा से संपर्क किया। वहां बैंक में बताया गया कि पंजाब चंडीगढ़ साइबर थाना की पुलिस ने उसका खाता को फ्रीज कर दिया है। साइबर ठग के साथ मिलकर उसके खाते का दुरुपयोग किया गया है। उसके खाते से साइबर अपराध में संलिप्तता पाई गई है। यह जानने के बाद वह 18 अगस्त को वह अपने ससुराल गया। पत्नी से पासबुक, एटीएम कार्ड, कागजात और रुपए लेकर वापस लौटाने को कहा। तब जाकर उसे पता चला कि उसकी पत्नी का प्रेमी ही साइबर ठग है। और उसके साथ उसका अवैध संबंध है। जब उसने विरोध किया तो सज्जाद के साथ मारपीट की गई। उसके गले से सोने का चेन छीन लिया। इधर पत्नी ने भी पति पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N