द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पंचम्बा इलाके की है, जहां शादी समारोह से लौट रही एक वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटकर बिजली के पोल से जा भिड़ी। बताया जाता है कि सभी लोग गिरिडीह से घोरथम्बा शादी समारोह में गए थे। लौटने के दौरान पंचम्बा के पास पीछे से आ रहा एक वाहन लगातार आगे-पीछे कर रहा था, जिससे सवार लोगों को शक हुआ कि कहीं छिनतई की घटना न हो जाए। इसी डर से चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन नियंत्रण खो बैठा और वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गई तथा बिजली के पोल से जा टकराई।

इस हादसे में मौके पर ही समीर (निवासी नवादा, बिहार) की मौत हो गई, जबकि सद्दाब, तौफिक, सब्बीर और एक अन्य समीर घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को ऑटो के माध्यम से सदर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर, मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंच चुके हैं, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
