द फॉलोअप डेस्क
मुफ़स्सिल थाना क्षेत्र के झगरी-अंबाटांड में मंगलवार देर शाम एक युवक को अपराधियों ने नज़दीक से गोली मार दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवक की पहचान मोहम्मद खुर्शीद अंसारी, निवासी झगरी, के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद परिजनों व ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल गिरिडीह पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। घटना उस समय हुई जब खुर्शीद अंसारी रोज़ की तरह घर के बाहर टहलने निकला था। उसी दौरान तीन लोग उससे मिलने के बहाने उसके पास पहुंचे। बातचीत के कुछ ही क्षण बाद उनमें से एक ने अचानक उस पर गोली चला दी। गोली सीधे उसके पेट में जाकर लगी, जिसके बाद वह ज़मीन पर गिर पड़ा। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान घायल खुर्शीद अंसारी ने पुलिस को अपना बयान दिया। उसने बताया कि तीन लोगों में से दो को वह पहचानता है। उसके अनुसार, एक का नाम बबलू है, जबकि गोली चलाने वाले का नाम ज़ाकिर है। तीसरे व्यक्ति को वह नहीं पहचान सका। पुलिस ने बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज़ कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। मुफ़स्सिल थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम की अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है। इलाके में पड़ी तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस टीमों की तैनाती भी की गई है।
