logo

गिरिडीह : नाली निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत पर भड़के मुखिया, महिला से अभद्रता; पति को पीटा!

grighih.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह जिला के बांधी पंचायत के मुखिया कृष्णदेव रजक और उनके बेटे समरेश रजक पर संतरायडीह गांव के एक परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि गांव में नाली निर्माण में अनियमितता और जल-जमाव की शिकायत करने पर मुखिया कृष्णदेव रजक और बेटे समरेश रजक ने संतरायडीह की रहने वाली सुशीला देवी, उनके पति और रिश्तेदार जय कुमार रजक के साथ अभद्रता की। उनको मारा-पीटा और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इनमें से जयकुमार रजक को सर्वाधिक चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने धनवार थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित परिवार का ये भी दावा है कि मुखिया कृष्णदेव रजक, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी का करीबी है। इस राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर वह गांव के लोगों को डराता-धमकाता है। प्रताड़ित करता है। 

नाली निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत पर मारपीट
पीड़िता सुशीला देवी के बेटे रजनीश ने द फॉलोअप से बातचीत में बताया कि, मुखिया कृष्णदेव रजक ने गांव में नाली का निर्माण कराया। इसमें भारी अनियमितता बरती गई है। नाली के कंस्ट्रक्शन में गड़बड़ियों की वजह से रोड पर जलजमाव हो जाता है। जलजमाव की वजह से ग्रामीणों को काफी दिक्कत होती है। रजनीश ने बताया कि, मेरे घर के मुहाने पर सबसे ज्यादा समस्या है। रजनीश ने बताया कि जलजमाव की शिकायत करने पर मुखिया ने वहां बजरी/मिट्टी डलवा दी जिसकी वजह से बारिश का पानी उनके घर के दरवाजे में जमा हो गया। इससे और भी ज्यादा कठिनाई होने लगी। रजनीश ने बताया कि, इसकी शिकायत करना मुखिया और उनके बेटे को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने धमकाना और मारना शुरू कर दिया। 

महिला के साथ अभद्रता और मारपीट का आरोप
रजनीश ने बताया कि 11 जुलाई को घटना वाले दिन उनकी मां बाड़ी (खेतों) में मड़ुआ की रोपाई करने जा रही थी। पिता पहले से वहां थे। खेतों की तरफ जाते हुए रजनीश की मां सुशीला ने मुखिया कृष्णदेव रजक से कहा कि पहले तो नाली गलत बनी। अब बजरी डाल देने से वहां और जलजमाव हो जाता है। काफी परेशानी हो रही है। रजनीश का दावा है कि इतना कहना भर था कि, मुखिया और उनका बेटा बिफर पड़े। उनकी मां सुशीला देवी को अपशब्द कहा। खेत में पिता पर भी हमला किया। रजनीश ने बताया कि रिश्ते में चाचा लगने वाले जयकुमार रजक हो-हल्ला सुनकर वहां पहुंचे तो मुखिया और उनके बेटे ने उनपर भी लाठी-डंडों से हमला किया। 


मुखिया ने पीड़ित परिवार पर भी लगाये हैं गंभीर आरोप
इस बीच रजनीश ने यह भी बताया कि मुखिया कृष्णदेव रजक ने उलटा उनके परिवार के खिलाफ ही रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करा दिया है। मुखिया कृष्णदेव रजक ने आरोप लगाया है कि ये परिवार, उनसे गांव की सड़क पर पेपर ब्लॉक लगाने के एवज में रंगदारी मांग रहा था। उन्होंने पुलिस के समक्ष, नाली निर्माण में अनियमितता और मारपीट के आरोपों से भी इनकार किया है। इधर, पीड़ित परिवार कह रहा है कि मुखिया झूठ बोल रहे हैं। हम क्यों रगंदारी मांगेंगे।

Tags - Giridih Giridih NewsBandhi PanchayatDhanwar Police Station