महागामा/गोड्डा:
गोड्डा में एक महिला अपने 3 बच्चों को नदी किनारे छोड़ गई। बताया जाता है कि महागामा थानाक्षेत्र अंतर्गत असोता बस्ती के रहने वाले इसराफील की पत्नी कथित तौर पर अपने 3 मासूम बच्चों को नदी किनारे छोड़कर कहीं चली गई। बच्चों की उम्र क्रमश: 2 साल, 1 साल और 5 महीने है। स्थानीय लोगों ने जानकारी दी है कि महिला ने जिस जगह पर बच्चों को छोड़ा, वहां नदी काफी गहरी है और इलाका सुनसान है। मासूम बच्चों के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण जुटे। घटना की जानकारी मिलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने बच्चों को उनके दादा-दादी को सौंपा
स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चों को अपने संरक्षण में लिया और मामेल की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस, जब बच्चों के घर पहुंची तो वहां ने तो इसराफील मिला और ना ही उसकी मां। दंपति फरार बताया जा रहा है। पुलिस, बच्चों के दादा-दादी को थाने लाई और उनसे बच्चों की पहचान कराई गई। जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चों को उनके दादा-दादी को सौंप दिया गया है। आरंभिक छानबीन में दंपति के बीच घरेलु विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस इस एंगल से भी जांच में जुटी है।

पति और पत्नी के बीच तलाक को लेकर विवाद है
बताया जा रहा है कि इसराफील ने पत्नी को तलाक दिया है। इसी विवाद में पत्नी तीन मासूम बच्चों को नदी किनारे सुनसान जगह पर छोड़ गई। फरार मता-पिता की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। गौरतलब है कि जटामा और मोहनी के बीच नदी किनारे तीनों बच्चों को लावारिस हालत में छोड़ दिया गया था।