द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला के संत जोसेफ नर्सिंग महाविद्यालय परिसर में सामाजिक संस्था विजन आरोग्यम द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित कर उन लोगों को सम्मानित किया गया, जो स्कूली शिक्षकों की तरह विद्यालय में बच्चों को तो नहीं पढ़ाते, लेकिन समाज के असली शिक्षक के रूप में अपने कार्यों से समाज को सामाजिक होने का पाठ पढ़ा रहे हैं। इस कार्यक्रम में शिक्षक, डॉक्टर, जनप्रतिनिधि, परमवीर अल्बर्ट एक्का के पुत्र विंसेंट एक्का, कई जिला परिषद सदस्य एवं समाज की विभिन्न सेवा में लगे लोग शामिल थे।
कार्यक्रम का आयोजन करने वाले विजन आरोग्यम के अध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि उनका उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि केवल पढ़ाई करने से कोई शिक्षित नहीं बनता, बल्कि व्यावहारिक ज्ञान और हर समय समाज के जरूरतमंदों की सेवा के लिए तत्पर रहना आवश्यक है।
राजीव रंजन ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से रांची, गुमला और जिले के सुदूरवर्ती इलाकों के उन लोगों को सम्मानित किया गया है, जो समाज में अपनी एक अलग पहचान रखते हैं। इस अवसर पर सम्मानित लोगों ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए भविष्य में इस प्रकार के कार्यक्रमों की मांग की है।
