logo

जामताड़ा में बीमार पड़ा एंबुलेंस, दूसरी एंबुलेंस ने रस्सियों से खींचकर मैकेनिक तक पहुंचाया...

a7112.jpg

जामताड़ा:

झारखंड में मरीजों का इलाज कैसे होगा, जबकि एंबुलेंस बीमार है। एक एंबुलेंस इस कदर बीमार पड़ा कि उसे भी इलाज के लिए दूसरे एंबुलेंस की जरूरत पड़ी। एंबुलेंस जब बीच सड़क पर बंद पड़ गया तो उसे दूसरे एंबुलेंस ने रस्सियों के सहारे खींचकर मैकेनिक तक पहुंचाया। दिलचस्प बात तो यह है कि एंबुलेंस सदर अस्पताल जामताड़ा में ही बंद पड़ गया। यह हाल तब है जबकि स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड में एंबुलेंस संचालन को लेकर मिल रही शिकायतों पर नाराजगी जताई थी और सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। लगता है कि विभाग के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। 

स्वास्थ्य विभाग के दावों की खुली पोल
जबकि स्वास्थ्य विभाग दावा करता है कि एंबुलेंस के संचालन में किसी प्रकार की समस्या नहीं है। मरीजों को समय पर एंबुलेंस सेवा का लाभ मिलता है। जामताड़ा से आई ये तस्वीर विभाग के दावों पर बड़ा सवालिया निशान लगाती है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि खराब सरकारी एंबुलेंस को दूसरी चालू एंबुलेंस से बांधकर खींचकर जामताड़ा सदर अस्पताल से मैकेनिक तक पहुंचाया गया। सड़क पर जिसने भी यह नजारा देखा वह हैरान रह गया। स्थानीय लोगों ने इस वीडियो को लेकर विभाग की तीखी आलोचना की है। गौरतलब है कि झारखंड में एंबुलेंस के रखरखाव को लेकर कई बार सवाल उठ चुका है। 

स्थानीय लोगों ने वीडियो पर उठाए सवाल
गौरतलब है कि जामताड़ा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का गृहजिला है। एंबुलेंस को रस्सियों के सहारे खींचने का वीडियो लोगों को आक्रोशित कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विभागीय मंत्री के गृहजिले में एंबुलेंस सेवा बदहाल रहेगी तो प्रदेश के दूसरे हिस्सों में क्या उम्मीद की जा सकती है। 

Tags - JharkhandAmbulanceJamtaraJharkhand UpdateAmbulance News