logo

झोलाछाप डॉक्टर ने ली शख्स की जान, गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप

injec.jpg

द फॉलोअप टीम, पलामूः
पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में एक झोलाछाप डॉक्टर ने एक शख्स की जान ले ली। दरअसल नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सुनील साव नाम के युवक को काफी दिन से जख्म था। जिसकी वजह से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। गुरुवार (28 सितंबर) की रात परिजन इलाज के लिए उसे बिंदेश्वरी महतो नाम के झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गए थे। जहां बिंदेश्वरी महतो ने सुनील को एक इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाने के बाद सुनील की हालत खराब हो गई। अनान फानन में परिजनों ने उसे इलाज के लिए छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। 


एक सप्ताह में दो मौत 
नौडीहा बाजार थाना प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि परिजनों से डॉक्टर के खिलाफ लिखित आवेदन मिला है। पुलिस ने पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। बताया कि आगे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि इंजेक्शन देने के बाद सुनील की मौत हुई है। घटना के बाद आरोपी डॉक्टर बिंदेश्वरी महतो फरार हो गया है। गौरतलब है कि इसी सप्ताह पलामू के रेहला थाना क्षेत्र में भी झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के बाद एक 12 वर्षीय लड़की की मौत हो गई थी। पूरे मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार किया था। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N