मेदिनीनगर:
Jharkhand News: पलामू जिले (Palamu District) के तरहसी थाना क्षेत्र में हुए तुलेश्वर महतो हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की साजिश मृतक की पत्नी उर्मिला देवी (Wife Killed Husband) ने रची थी। उसने अपने पति की हत्या कराने के लिए डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत 4आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पत्नी उर्मिला देवी, उसका भांजा राहुल कुमार, शंकर यादव और नरेश सिंह शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 1 देशी कट्टा, 1 गोली, 2मोटरसाइकिल और सभी अभियुक्तों के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

21 अक्टूबर को अज्ञात अपराधियों ने मारी थी गोली
वारदात बीते 21 अक्टूबर की है। बताया जाता है कि तरहसी थानाक्षेत्र अंतर्गत बेदानीखुर्द गांव के रहने वाले 45 वर्षीय तुलेश्वर महतो को अज्ञात अपराधियों ने घर से बुलाया और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद मृतक के भाई मुरारी महतो के बयान के आधार पर तरहसी थाना में कांड संख्या 114/26 दर्ज कर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पलामू एसपी के निर्देश पर लेस्लीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान आगे बढ़ाया।

दूसरी शादी बनी हत्या की साजिश की वजह
पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान मृतक के साढ़ू शैलेश महतो और उसके बेटे राहुल कुमार से पूछताछ की गई। पूछताछ में राहुल कुमार ने पुलिस को बताया कि उसके मौसा तुलेश्वर महतो ने उसकी मौसी उर्मिला देवी को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर उर्मिला देवी नाराज थी। आरोप है कि उर्मिला देवी के कहने पर राहुल कुमार ने डेढ़ लाख रुपये लेकर हत्या की योजना बनाई। इसके लिए उसने मनिका निवासी शंकर यादव से संपर्क किया। शंकर यादव ने आगे ग्राम डौकी निवासी नरेश सिंह को पैसे देकर तुलेश्वर महतो की हत्या करवा दी।
पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में चारों आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की भूमिका जांच में रही अहम
गौरतलब है कि इस कार्रवाई में लेस्लीगंज एसडीपीओ, पाटन अंचल के पुलिस निरीक्षक, तरहसी थाना प्रभारी पु.अ.नि. राजेश रंजन तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से 21 अक्टूबर को हुए हत्याकांड की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।